तौक़ीर रज़ा की रिपोर्ट :
कटिहार : जिले में बीते साल आई बाढ़ ने जिले के मनिहारी व बारसोई अनुमंडल में सबसे ज्यादा तबाही मचाई थी। बाढ़ ने जान-माल के साथ लोगों का घर द्वार सबकुछ बहाकर ले गया, लेकिन आश्चर्य की बात है कि एक साल गुजर जाने के वावजूद अभी तक बाढ़ प्रभावित लोगों को अनुदान और मुआवजे की राशि नहीं मिली है।
बुधवार को आजमनगर प्रखंड अंतर्गत महेशपुर पंचायत के जीआर राशि से बंचित ग्रामीणों ने प्रशासनिक उदासिनता और लापरवाही के खिलाफ आजमनगर अंचल कार्यालय का घेराव कर एक दिवसीय धरना का आयोजन किया। बाढ़ पीड़ितों का कहना था कि बीते वर्ष आई प्रलयकारी बाढ़ से हुई क्षति-पूर्ति के लिए आज भी लोग इंतजार कर रहे हैं। लोगों को मुआवजा तो दूर की बात अनुदान राशि तक नहीं दी गई।
महेशपुर पंचायत के मुखिया नीलम सिंह ने बताया कि महेशपुर पंचायत के सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने जीआर राशि के त्रुटिपूर्ण सुधार नहीं होने के विरोध में घंटो तक अंचल कार्यालय का काम बाधित रखा। इस बावत अंचल पदाधिकारी ने आश्वासन दिया कि 24 घण्टे में त्रुटि सुधार कर ली जाएगी एवं लाभार्थियों के खाते में पैसा ट्रांसफर किया जाएगा।