राजेश पाल की रिपोर्ट :
अमेठी : शुकुल बाजार विकासखंड में लगभग ज्यादातर गांव में सरकारी इंडिया मार्का हैंडपंपों में निजी समरसेबल डालकर जल का दोहन किया जा रहा है वहीं ज्यादातर समरसेबल में बिना अतिरिक्त बिजली कनेक्शन लिए लोग समरसेबल चला रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि खुले में लगे सरकारी हैंडपंपों में लोग अवैध तरीके से समरसेबल मोटर डाले हुए हैं, जिससे हैंडपंपों में करंट उतरने का भी खतरा बना रहता है। वहीं नाजायज तरीके से जल का अंधाधुंध दोहन किया जा रहा है, जहां लोगों को एक लोटा या एक बाल्टी पानी की जरूरत है वहीं फर्जी समरसेबल चलाकर सैकड़ों बाल्टी जल बर्बाद करते हैं और सड़क पर व रास्ते में जलभराव भी करते हैं। विभागीय उदासीनता के चलते और अधिकारियों कर्मचारियों की लापरवाही के चलते जहां अवैध तरीके से जल का दोहन हो रहा है, वहीं विद्युत चोरी भी हो रही है, साथ ही करंट लगने से लोगों की जान का भी जोखिम बना हुआ है।
शुकुल बाजार कस्बे के साथ साथ ही पूरे क्षेत्र में नाजायज तरीके से सरकारी इंडिया मार्का हैंडपंपों में निजी समरसेबल देखे जा सकते हैं, जो अवैधानिक भी हैं और नाजायज तरीके से जल का दोहन भी हो रहा है। जहां सरकार लोगों को जल बचाने के लिए जागरूक कर रही है और प्रचार-प्रसार पर पैसे भी खर्च कर रही है, वही शुकुल बाजार विकासखंड के अंतर्गत अवैध तरीके से इंडिया मार्का हैंडपंपों में समरसेबल डालकर जल की बर्बादी की जा रही है और यही जल रास्ते में भर जाता है, तो राहगीरों को आने-जाने में भी भारी परेशानी होती है।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि ज्यादातर सरकारी हैंडपंपों में डाले गए समरसेबल जब तक लाइट रहती है, तब तक चला करते हैं किसी को जल की जरूरत है या नहीं समरसेबल और टंकी से बहकर यह पानी रास्ते में इकट्ठा होता है जो कीचड़ भी पैदा करता है और राहगीरों को परेशान करता है। क्षेत्रीय लोगों ने शासन प्रशासन विभागीय कर्मचारियों अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि सरकारी इंडिया मार्का हैंडपंप आजाद किए जाएं। सरकारी इंडिया मार्का हैंडपंपों से निजी समरसेबल निकलाए जाएं जिससे फर्जी जल का दोहन बंद हो क्योंकि जल ही जीवन है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि ज्यादातर सरकारी हैंडपंपों पर निजी समरसेबल डालने वाले लोग अमीर और दबंग हैं, जिसके चलते विभागीय कार्रवाई नहीं हो पाती, जबकि नियम के मुताबिक सरकारी इंडिया मार्का हैंडपंप सार्वजनिक होते हैं पर किसी प्रकार का अतिक्रमण नहीं किया जा सकता और ना ही किसी को जल भरने से रोका जा सकता है, जबकि जिन लोगों ने समरसेबल डाल रखा है। वह ज्यादातर स्वयं इंडिया मार्का हैंड पंप का इस्तेमाल करते हैं।