नई दिल्ली : कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दारमैया एक बार फिर अपनी हरकतों को लेकर विवादों में घिर गए हैं। सिद्दारमैया पर एक कार्यक्रम में महिला कार्यकर्ता का दुपट्टा खींचने का आरोप लगा है। इस मामले को लेकर जहाँ बीजेपी ने कांग्रेस पर हमला बोल दिया है, वहीँ कांग्रेस ने भी सिद्दारमैया को शिष्टाचार के नियमों की पालन करने की सलाह दी है।
बता दें मैसुरु के कार्यक्रम का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें सिद्धारमैया और महिला के बीच किसी बात पर बहस हो रही है। उसी दौरान वह महिला से माइक छीन लेते हैं, जिसके साथ महिला का दुपट्टा भी खिंच जाता है। सिद्धारमैया के ऐसा किए जाने के बाद से ही उनकी काफी आलोचना की जा रही है।
सिद्धारमैया ने घटना के बाद सफाई देते हुए कहा है कि यह एक हादसा था। इसमें कोई गलत नियत नहीं थी। उन्होंने कहा कि मैं उन्हें (महिला को) 15 सालों से जानता हूं। वह मेरी बहन जैसी है। वहीं महिला का कहना है कि उसे सिद्धारमैया से ऐसे बात नहीं करनी चाहिए थी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से सिद्धारमैया को बर्खास्त करने की मांग की है। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर का कहना है, कांग्रेस में एक ही परिवार की महिलाओं की इज्जत है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने कर्नाटक पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग की है।