नई दिल्ली : प्रशासन की तरफ से लागातार यातायात नियमों का अपालन करने का लोगों से अनुरोध किया जाता है, साथ हीं नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्यवाही भी की जाती है, बावजूद इसके लोग यातायात नियमों की अनदेखी कर असमय मौत को दावत देते हैं। मध्य-प्रदेश के उज्जैन के पास एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में तीन बच्चों समेत 12 की मौत हो गयी, जिससे घटनास्थल पर चीख पुकार मच गयी।
जानकारी के मुताबिक नागदा से शादी समारोह से लौट रहे उज्जैन के लोगों की वैन की कार से टक्कर हो गई। हादसा शहर से 12 किमी दूर उन्हेल रोड पर सोडंग के पास सोमवार रात करीब 12 बजे हुआ। भिड़ंत में तीन बच्चों समेत 12 लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक एक ही परिवार के हैं और उज्जैन के रहने वाले हैं।
हादसे के बाद स्थानीय लोग घायलों की मदद को दौड़े। बाद में पुलिस और एंबुलेंस की मदद से रात एक बजे घायलों और मृतकों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों में भाजपा के पूर्व मंडल महामंत्री अर्जुन कायत भी हैं।