रांची : गौरक्षा के नाम पर गौ-सेवकों द्वारा जारी गुंडागर्दी थमने का नाम नहीं ले रही है। आये दिन इस तरह की घटनाएँ सामने आ रही है। ताज़ा मामला झारखंड के गिरीडीह का है, जहाँ एक युवक के घर के बाहर कथित तौर पर मृत गाय मिलने के बाद भीड़ ने उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, भीड़ ने उस शख्स के घर में भी आग लगा दी। मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से युवक और उसके परिवार को बचाया। भीड़ ने युवक को अस्पताल ले जाते समय भी पुलिस का रास्ता रोकने का प्रयास किया। फिलहाल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को गिरीडीह जिले के बेरिया हतीतांद गांव में रहने वाले उस्मान अंसारी के घर के बाहर कथित तौर पर एक मृत गाय का शरीर मिला। मृत गाय की सूचना आग की तरह गांव में फैल गई। इसके बाद भीड़ ने उस्मान को घर से बाहर निकालकर बुरी तरह उसकी पिटाई की। बेकाबू भीड़ ने उस्मान के घर में भी आग लगा दी। मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह उस्मान और उसके परिवार को भीड़ के चंगुल से बचाया।
बताया जा रहा है कि पुलिस जब उस्मान को इलाज के लिए अस्पताल लेकर जा रही थी तो भीड़ ने पुलिस का रास्ता रोकने का भी प्रयास किया। भीड़ ने पुलिस की गाड़ी पर पथराव कर दिया। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने हवाई फायर किया। इस दौरान कृष्णा पंडित नामक युवक घायल हो गया। वहीं, भीड़ के पथराव में करीब 50 पुलिसकर्मियों को चोटें भी आई हैं। पुलिस ने उस्मान और कृष्णा को इलाज के लिए धनबाद के अस्पताल में भर्ती करा दिया है। दोनों की हालत स्थिर बनी हुई है। हालात को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।