संतोष कुमार शर्मा की रिपोर्ट :
बलिया : शुक्रवार को दो गंगा के तटों पर मुंडन संस्कारों में भाग लेने आये एक युवक व एक किशोर गंगा में डूब गये। समाचार लिखे जाने तक दोनों घाटों पर डूबे दोनों लोगों के शव की तलाश में स्थानीय नाविक व परिजन जुटे हुए थे, लेकिन शव नही मिल पाया था।
बता दें कि हल्दी थाना क्षेत्र के हुकुमछपरा गांव निवासी चिंटू सिंह(25) गांव के ही एक मुंडन संस्कार में भाग लेने गए थे, जो वहां गंगा में नहाते समय डूब गए। चिंटू सिंह के डूबते ही घाट पर कोहराम मच गया। महिलाएं रोने लगी व गीत गायन और सांस्कृतिक कार्यक्रम बंद हो गया। स्थानीय नाविक व ग्रामीण शव की तलाश में लगे हुए थे, किंतु समाचार लिखे जाने तक चिंटू सिंह का शव गंगा से नही निकल सका था।
दूसरी तरफ हुकुमछपरा से करीब दो किलोमीटर पश्चिम पंचरुखिया घाट पर अपने गांव के एक मुंडन संस्कार में भाग लेने आये सहतवार थाना क्षेत्र के नैना गांव निवासी सुरेश गिरी का 16 वर्षीय पुत्र अंगद गिरी पंचरुखिया घाट पर गंगा में नहाते समय गंगा में डूब गए। समाचार लिखे जाने तक अंगद गिरी का भी शव गंगा से नही निकाला जा सका। दोनों गंगा घाटों पर सीओ बैरिया उमेश कुमार यादव व बैरिया हल्दी के एसएचओ दलबल के साथ मौके पर मौजूद थे। पुलिस के देखरेख में शव निकलवाने के लिए गंगा में जाल डलवाया जा रहा है।