सतेंद्र पाठक की रिपोर्ट :
सिकटा : प0 चंपारण के कंगली थाना क्षेत्र के कठिया-मठिया टोला परशुरामपुर में दो पट्टीदारों के बीच जमीनी विवाद में चली गोली से चार व्यक्ति जख्मी हो गए हैं। घटना शुक्रवार दोपहर की है। सभी जख्मी को इलाज के लिए सिकटा पीएचसी भेजा गया, जहां तीन की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेतिया रेफर कर दिया। गोली से घायल होने वालों में व्यास प्रसाद उम्र 60 वर्ष, ओम प्रकाश प्रसाद उम्र 50 वर्ष, मनोज कुमार उम्र 35 वर्ष, रामानंद प्रसाद उम्र 30 वर्ष शामिल है, जिसमें व्यास प्रसाद, ओम प्रकाश प्रसाद और मनोज कुमार की हालत गंभीर स्थिति में देखते हुए बेतिया रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार ओम प्रकाश प्रसाद अपने खेत में पानी पटा रहे थे। इसी बीच चंद्रभान प्रसाद, सत्येंद्र प्रसाद और संजय प्रसाद ने कहा कि मेरे खेत में पानी क्यों पटा रहे हो ? इसी बीच विवाद बढ़ा और तीनों ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर गोली चलाना शुरु कर दिया, जिसमें चार व्यक्ति जख्मी हैं।
ग्रामीणों की माने तो घटनास्थल पर 15 से 20 राउंड गोली चली है। हालांकि प्रभारी थानाध्यक्ष अभिमन्यु कुमार ने बताया कि 2 राउंड गोली चली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उधर घटना के बाद गांव में सन्नाटा है। खबर लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।