विजय कुमार यादव की रिपोर्ट :
फैजाबाद : खण्डासा थाना क्षेत्र के कोटडीह पूरे लबदहन मे शुक्रवार को दोपहर 3 बजे लगी आग से 16 घर जलकर तबाह हो गए। वही इस घटना में राम बहादुर पुत्र जग्गू के 5 बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में 3 गाय और 6 बकरियां जिंदा जलकर मर गई। घटना की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड के दस्ते और खंडासा पुलिस के जवानों के साथ ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय तहसील प्रशासन ने लेखपाल कमलेश तिवारी व गोरखनाथ सिंह को घटनास्थल पर भेज कर पीड़ितों को तत्काल सहायता चेक बनाकर दिया।
बताया जा रहा है कि खंडासा थाना क्षेत्र के कोटडीह गांव में लगी आग की शुरुआत देवराजी पत्नी जग्गू के घर से हुई, जिसमें राधा, मनशा, राम तिलक, राम मीना, देवराजी, पतिराजी, मालती, राजू, मिट्ठूलाल, कुसमा, हृदय राम, राम भारत, मस्तराम, सुरसती, अमित व राम भवन के घर जलकर तबाह हो गए। रामबहादुर की 10 वर्षीय पुत्री काजल 5 वर्षीय मनीष 3 वर्षीय अजीत 15 वर्षीय रोशनी और 25 वर्षीय अनीता गंभीर रूप से झुलस गये। ये बच्चे घर के अंदर आग लगने के वक्त सो रहे थे और धुआं बढ़ जाने के कारण घर से भाग नही सके, जिससे ये झुलस गये। राधा की 6 बकरियां मर गई और मीना की दो गाय जलकर मर गई।
सूचना पर पहुंचे तहसीलदार विनय गुप्ता ने क्षेत्रीय लेखपाल कमलेश तिवारी व गोरखनाथ सिंह से तत्काल ग्रामीणों को 15 -15 हजार का राहत चेक वितरित करने का निर्देश दिया। लेखपाल द्वारा मौके पर ही चेक दे दिया गया। समाजसेवी राजन पांडे ने घटना की सूचना पाते ही घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों को कंबल व चद्दर के साथ भोजन सामग्री व अहेतुक सहायता राशि प्रदान की। उनके साथ क्षेत्र पंचायत सदस्य मुन्ना पांडे, रविंद्र कुमार पांडे, ग्राम प्रधान तेजवन्त सिंह भी मौजूद रहे।