राजनांदगांव छत्तीसगढ़ नक्सलियों की फिर नापाक करतूत सामने आई है। नक्सलियों के हमले में एक जवान शहीद हो गया है। वहीं एक व्यक्ति बुरी तरह से घायल है। बता दें कि जवान अवकाश पर था और अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने आया था। इस दौरान नक्सलियों ने घात लगाकर गोली चलाई। घटना बीती रात 11.30 बजे की है। बताया जाता है कि नेशनल हाईवे के पास ग्राम चिरचारी बंजारी में नक्सलियों की स्माल एक्शन टीम ने सिपाही पर तीन गोली दागी।
गंभीर हालत में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छुरिया लाया गया, जहां उपचार के दौरान वे शहीद हो गये। वहीं एक अन्य व्यक्ति जेसीसीजे के जिला महामंत्री बृजभान मंडावी को हाथ में गोली लगने से वे घायल हैं। उनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। वे खतरे से बाहर हैं। बता दें कि 3 नक्सली सादे कपड़े में आए थे। घटना थाने बागनदी की है।
ज्ञात हो कि जिला पुलिस बल के डीआरजी के आरक्षक गणेश्वर सिंह 39 साल उर्फ गणेशु उर्फ रवि उर्फ आलिदा पिता स्व. गोविन्द सिंह उईके पहले नक्सली थे। 20 मई 2011 को उसने जिला पुलिस बल राजनांदगांव के समक्ष आत्म समर्पण कर दिया था। इसके बाद उन्हें 1 मार्च 2016 को आरक्षक के पद पर नियुक्ति मिली थी। गणेश्वर अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिये अवकाश पर था। जिस समय यह हमला हुआ। उस दौरान बृजभान मण्डावी निवासी बजरंगीडीह थाना बानगदी उनके साथ था। मण्डावी लड़की पक्ष के तरफ से शादी में शामिल होने आए थे। शहीद आरक्षक गणेश्वर को पुलिस लाइन में 11 बजे गार्ड आॅफ आनर दिया गया।