भोपाल: मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में भारी-बारिश और बाढ़ की वजह से हालात बेहद खराब है। बाढ़ ने राज्य के 9 जिलों के 394 से ज्यादा गांवों में तबाही मचाई है। CM शिवराज सिंह चौहान ने PM मोदी को बाढ़ की स्थिति की पूरी सूचना दी है। उन्होंने राज्य में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है। बता दें कि अब तक 7 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। छिंदवाड़ा में बाढ़ में फंसे 5 लोगों को हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट किया गया। होशंगाबाद, सीहोर और रायसेन जिले के कई गांव बाढ़ में घिरे हैं। यहां राहत कार्यो के लिए सेना को लगाया गया है।
इससे पहले CM ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई दौरा किया। उन्होंने कहा कि मैंने अपने कार्यालय को कंट्रोल रूम बना लिया है। रातभर बैठकर राहत कार्यो की निगरानी करूंगा। CM ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि वे बाढ़ से किसानों की फसल को हुए नुकसान के आकलन के लिए केंद्रीय दल भेजा जाए। प्रदेश के बड़े हिस्से में भारी बारिश के कारण खरीफ की फसलें बहुत बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।
संपादक – सतीश भारतीय