अनेश कुमार की रिपोर्ट :
एटा : कासगंज जिले में गुरुवार रात दामाद ने तमंचे से ससुर को गोली मार दी। घायल की हालत खतरे में देखते हुए उसे आगरा रेफर कर दिया। हत्या के प्रयास का यह मामला सिढ़पुरा क्षेत्र के ग्राम नर्रई में गुरुवार रात 8:30 बजे का है। गांव का निवासी 52 वर्षीय रामकिशोर अपने दरवाजे पर बैठा हुआ था। तभी उसका दामाद मिरहची क्षेत्र के ग्राम रामई निवासी दिलीप कुमार अपने भाई ह्रदेश के साथ मोटरसाइकिल से वहां आ धमका। ससुर को देखते ही उसने तमंचे से गोली चला दी। पेट में गोली लगने से घायल रामकिशोर दरवाजे पर गिर पड़ा। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों भाई मौके से भाग निकले।
फायर की आवाज और घायल की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंच गये। घायल रामकिशोर को भतीजे गगन व अन्य परिजनों द्वारा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की पृष्ठभूमि में घायल ने बताया कि उसने अपनी बेटी पूनम की शादी तीन माह पूर्व दिलीप कुमार के साथ की थी। बेटी-दामाद के बीच विवाद की जानकारी पर सात दिन पूर्व वह रामई गया और बेटी पूनम को घर बुलाकर अपने साथ ले आया था। इसी बात से क्षुब्ध होकर दामाद द्वारा उसे गोली मारी गई है। इधर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल की हालत खतरे में देखते हुए उसे आगरा रेफर कर दिया। एसओ सिढपुरा एसपी सिंह ने बताया कि हत्या के प्रयास का मामला दिलीप और उसके भाई ह्रदेश के खिलाफ दर्ज कर लिया गया है।