नई दिल्ली : करीब 14000 फीट की ऊंचाई पर जेट एयरवेज के विमान में अचानक यात्रियों की नाक और कान से खून निकलने लगा, जिससे विमान में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी, जिसके बाद पीड़ित यात्रियों का उपचार शुरू किया गया। जानकारी के मुताबिक ऐसा क्रू मेंबर की एक गलती के कारण हुआ।
दरअसल मुंबई से जयपुर के लिए गुरुवार सुबह रवाना हुए जेट एयरवेज के विमान में अचानक यात्रियों की नाक और कान से खून निकलने लगा। शुरुआत में यात्रियों ने सिर दर्द की शिकायत की। इसके बाद करीब 30 यात्रियों की नाक और कान से खून निकलने लगा। वहीँ बताया जा रहा है कि टेक ऑफ के दौरान विमान का चालक दल हवा का दबाव कम करने का वाला स्विच ऑन करना भूल गया। इसके चलते टेक ऑफ के तुरंत बाद सवार यात्रियों को परेशानी होने लगी।
डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) के एक अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि टेक ऑफ के दौरान क्रू के सदस्य ब्लीड स्विच दबाना भूल गए। इसके चलते केबिन के अंदर हवा के दबाव में संतुलन नहीं बन पाया और ऑक्जीजन मास्क नीचे आ गए। उन्होंने बताया कि विमान में 166 यात्री सवार थे और सभी का मुंबई एयरपोर्ट पर इलाज चल रहा है।
वहीँ इस मामले में संज्ञान लेते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने डीजीसीए से जल्द से जल्द रिपोर्ट मांगी है। वहीं चालक दल के सभी सदस्यों की सभी ड्यूटियां रद्द कर दी गई हैं।