ज़मीर अंसारी की रिपोर्ट :
सोनभद्र : चोपन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सलखन निवासिनी मीरा यादव पत्नी सुरेश यादव व सोनी यादव पत्नी कंबल यादव चुनार इलाज के लिए गई थी। वहां से वापस आते वक्त चुनार रेलवे स्टेशन से वाराणसी शक्तिनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस में बैठी। उस दौरान बगल में बैठे एक अज्ञात वृद्ध व्यक्ति द्वारा दोनों महिलाओं को चाय के लिए पूछा और तीनो ने एक साथ चाय पिया। उसके बाद ट्रेन चुनार से आगे के लिए रवाना हुई। रास्ते में पुनः चाय के लिए पूछा और चाय पीते ही दोनों महिला अचेत हो गई।
इस दौरान दोनों महिला के शरीर पर लगभग चार थान सोने के और तीन थान चांदी के गहने व नगद लगभग 35 सौ रुपए तथा मोबाइल लेकर अज्ञात वृद्ध व्यक्ति फरार हो गया। जैसे ही महिला कुछ होश में आने लगी तब तक ट्रेन चोपन रेलवे स्टेशन पहुंच चुकी थी। यात्रियों के द्वारा घटना की जानकारी तत्काल चोपन जीआरपी को दी गई।
चोपन जीआरपी तत्काल दोनों महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन में भर्ती करा दिया। बताया जाता है कि मीरा यादव पूरी तरह से होश में नहीं थी जिसके कारण व गिरकर गंभीर रूप से घायल भी हो गई। जैसे ही घटना की जानकारी इनके परिजनों को हुई तो समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। समाचार लिखे जाने तक दोनों महिलाओं की हालत में सुधार हो रहा था।