नई दिल्ली : महिलाओं की सुरक्षा को लेकर किये जा रहे तमाम दावे खोखले साबित हो रहे हैं। एक तरफ जहाँ महिलाओं को बाहरी लोगों से अपनी अस्मत को तार-तार होने से बचाना पड़ता है, वहीँ आलम ये है कि अब महिलाएं घर में भी सुरक्षित नहीं है। मामला पंजाब के होशियारपुर जिले का है, जहाँ एक महिला को अगवा कर ससुर-जेठ-पति-देवर द्वारा दुष्कर्म किये जाने का मामला सामने आया है।
महिला ने पुलिस को सुनाई आपबीती में बताया कि हरमोये के रहने वाले युवक के साथ 7 वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी। ससुराल में उसके साथ लगातार मारपीट की जाती थी। काफी समय तक अत्याचार झेलने के बाद आखिरकार उसके सब्र का बांध टूट गया और वह मायके चली गई। इसी दौरान उसकी तबियत खराब हो गई और वह 01 दिसंबर को भाई के साथ बाइक पर दवा लेने जा रही थी, तभी ससुराल पक्ष के लोग आए और अगवा कर उसे घर ले गए। महिला का आरोप है कि घर ले जाने के बाद ससुर, जेठ, पति, देवर और एक अन्य व्यक्ति ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
महिला ने बताया कि 27 दिसंबर ससुराल पक्ष के लोग उसे चंडीगढ़ ले जा रहे थे। इसी दौरान वे चाय पीने के लिए एक जगह रुके। महिला ने वहां पुलिसवालों को देखा तो भागकर उनके पास पहुंची और आपबीती सुनाई। महिला को पुलिस के पास खड़ा देख ससुराल पक्ष के लोग भाग गए। इसके बाद चंडीगढ़ पुलिस ने मामले की जानकारी पंजाब पुलिस को दी। इसके बाद महिला ने पंजाब पुलिस को पूरा मामला बताया, जिसके बाद होशियारपुर के मेहटियाना थाने में महिला के ससुर, जेठ, पति, देवर और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया गया।