बालमुकुन्द रायक्वार की रिपोर्ट :
झाँसी : यूपी के झांसी जनपद में रक्षाबंधन का पर्व बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। बहनों द्वारा अपने भाइयों की कलाई पर रक्षाबंधन के त्योहार पर रक्षा सूत्र (राखी) बांधी गई और भाइयों द्वारा बहनों से सुरक्षा का वादा किया गया। पूरे जनपद में रक्षाबंधन का पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया और झांसी जनपद की जेल में भी सुबह से ही बहनों की लम्बी लाइन लगी रही। बहनों ने जेल में बंद अपने भाइयों की कलाई पर राखी बाँधी और भाइयों से फिर ऐसा ना करने का वचन लिया, जिससे कभी जेल में ना आना पड़े।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
वही जनपद भर में झांसी एसएसपी विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और जनपद भर में पुलिस द्वारा पैदल गश्त कर सुरक्षा का जायजा लिया गया। शान्ति व्यवस्था बनी रहे इसके लिए लोगों की हर गतिविधि पर पुलिस द्वारा नजर रखी गई और कई जगहों पर तो संदेह की स्थिति में लोगों की तलाशी ली गई।
पुलिस प्रशासन द्वारा भी राखी बंधवाकर मनाया गया रक्षाबंधन
वहीं दूसरी ओर समस्त जनपद में पुलिस थानों में पुलिस प्रशासन के लोगों ने थाने में राखी बंधवाई और सुरक्षा का वादा करते हुए रक्षाबंधन का त्योहार मनाया। झांसी कोतवाली में कोतवाल उमेश चन्द्र त्रिपाठी, सदर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह चन्देल, बरूआसागर थाना प्रभारी बीरेंद्र विक्रम सिंह, सकरार थाना प्रभारी बी एल यादव, एरच थाना प्रभारी भगवती प्रसाद मिश्रा, गरौठा थाना प्रभारी के अलावा जनपद के समस्त थानों में प्रभारी निरीक्षकों ने समस्त स्टाफ के साथ मिलकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया और राखी बंधवाकर महिलाओं की सुरक्षा का वादा किया। इस प्रकार झांसी जनपद में रक्षाबंधन का त्योहार बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया।