प्रवीण मिश्रा की रिपोर्ट :
श्रावस्ती : बीते एक सप्ताह से हो रही ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिले के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है। अभी तक सुबह नौ बजे से खुलने वाले स्कूल शुक्रवार को दस बजे से खुले। स्कूलों में शाम तीन बजे छुट्टी हुई। शुक्रवार दिन की शुरूआत घने कोहरे के साथ हुई। दस बजते-बजते सूर्यदेव ने लोगों को राहत दी।
कोहरे के चलते दिन में भी सड़क पर लाइट के सहारे वाहन गुजरते रहे। भिनगा नगर में अभी अलाव देखने को नहीं मिल रहे हैं। हालांकि इकौना नगर में कई प्रमुख और सार्वजिनक स्थलों पर नगर पंचायत द्वारा अलाव जलवाए जा रहे हैं। इससे पूर्व गुरुवार शाम से चली बर्फीली हवा ने ठिठुरन पैदा कर रात को बेहद ठंडा बना दिया था। दिन का न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान बीस डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में आद्रता 47 रही। दिन में पांच किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पिश्चमी-दक्षिणी दिशा से हवा चली।