नई दिल्ली : कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल आप अपने अंतिम चरण में है। चुनाव प्रचार के लिए आज अंतिम दिन था, जिसके बाद अब 12 मई को वोट डाले जाने हैं। लेकिन मतदान से ठीक पहले कर्नाटक की सत्ता में वापसी के दावे कर रही कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कर्नाटक कांग्रेस की जानी-मानी नेता व कन्नड़ फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री भावना रमन्ना ने कांग्रेस का दामन छोड़ बीजेपी का दामन थाम लिया है।
जिस तरह से भावना रमन्ना ने मतदान से ठीक पहले कांग्रेस छोड़ बीजेपी का दामन थामा है, राजनीतिक लिहाज से इसे कांग्रेस के लिए शुभ संकेत बिल्कुल नहीं माना जा सकता। कर्नाटक कांग्रेस में रमन्ना जानी पहचानी शख्सियत है। भावना ने 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के स्टार प्रचारक की हैसियत से चुनाव प्रचार किया था। उन्होंने 2013 के विधानसभा चुनाव में भी अहम भूमिका निभाई थी। यहां तक कि भावना रमन्ना को कर्नाटक विधान परिषद के चुनाव में एमएलसी पद का दावेदार भी माना जा रहा था, लेकिन अब उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया है।