ज़मीर अंसारी की रिपोर्ट :
सोनभद्र : सदर विधायक भूपेश चौबे द्वारा यातायात माह के क्रम में शुक्रवार को रावर्टसगंज स्थित आरटीएस क्लब में यातायात कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसमें परिवहन विभाग यातायात पुलिस बैंक प्रतिनिधि के अलावा तमाम लोग शामिल हुए। इस मौके पर सदर विधायक द्वारा पत्रकारों को हेलमेट का वितरण किया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए भूपेश चौबे ने कहा कि देश में प्रतिवर्ष लगभग 200000 लोग सात दुर्घटना में मौत का शिकार हो रहे हैं। इससे कहीं अधिक लोग अपंग हो जा रहे हैं। इसके चलते तमाम परिवारों को जिंदगी भर व्यापक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। छोटी-छोटी यातायात संबंधी जानकारियां लोगों के जीवन को बचा सकती हैं। बगैर हेलमेट के दो पहिया वाहन चलाना साक्षात अपने जीवन को संकट में डालने जैसा है। कभी भी बगैर हेलमेट के दो पहिया वाहन नहीं चलाना चाहिए।
सोनभद्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जिले में आए दिन मोटरसाइकिल सवार दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। परिवहन विभाग यातायात पुलिस यदि नियमानुसार कार्यवाही करती है तो तमाम लोग दबाव बनाकर अपने वाहनों को छुड़ा लेते हैं और भविष्य में वाहन चलाते समय और भी निरंकुश हो जाते हैं। ऐसे में किसी के साथ कहीं भी कोई हादसा हो सकता है। इस मौके पर परिवहन विभाग के लोगों ने भी संबोधित किया और कहा कि यदि लोग यातायात नियमों का पालन करें सड़क सुरक्षा पर ध्यान दें तो होने वाली बड़ी छोटी तमाम दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।
इस मौके पर कई मोटर मालिक और ऑटो चालक भी मौजूद थे। उन्हें यातायात के अलावा ड्राइविंग लाइसेंस और बीमा जैसी तमाम जानकारियां दी गई। सड़क दुर्घटना के बाद घायल और मृतक को किस तरह की सरकारी सहायता प्रदान की जाती है, इसे भी विस्तार से बताया गया। इस मौके पर नगर पालिका परिषद राबर्टसगंज के अध्यक्ष वीरेंद्र जायसवाल नगर पंचायत अध्यक्ष गीता देवी ने भी लोगों को संबोधित किया इस अवसर पर संतोष शुक्ल कमलेश चौबे रजनीश सिंह सुनील सिंह गौरव शुक्ल सुरेश शुक्ल रविंद्र केसरी समेत तमाम लोग मौजूद रहे।