नई दिल्ली : दिवाली पर सुप्रीम कोर्ट ने पटाखे छोड़ने को लेकर आदेश जारी किये थे, बावजूद इसके दिवाली में दिल्ली-एनसीआर में जमकर पटाखे छोड़े गए और रात भर सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की धज्जियाँ उड़ती रही। वहीँ अब इस मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए 634 मामले दर्ज किये हैं, जिसमें 397 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। 24 नाबालिगों पर भी कार्यवाही की गई है।
पुलिस ने जहां एक ओर पटाखे बेचने वालों के खिलाफ 72 मामले दर्ज कर 87 लोगों को गिरफ्तार किया, वहीं पटाखे जलाने वालों के खिलाफ 562 मामले दर्ज कर 310 को गिरफ्तार किया। वहीं 24 नाबालिगों को भी पटाखे फोड़ते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने 2,776 किलो पटाखे जब्त किए हैं।
राजधानी में प्रदूषण के खतरनाक हालात को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने राजधानी में केवल ग्रीन पटाखे बेचने और उसे जलाने की अनुमति दी थी। साथ ही पुलिस ने पटाखे जलाने का दो घंटे का समय भी निर्धारित किया था। अदालत ने आदेश का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ पुलिस को कार्रवाई करने का निर्देश दिए थे।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद से पुलिस अवैध रूप से पटाखे बेच रहे लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही थी। इसके बावजूद दिवाली के दिन दुकानदार चोरी छिपे पटाखे बेच रहे थे। साथ ही लोग भी आधी रात तक पटाखे फोड़ते रहे।