अशोक कुमार जायसवाल की रिपोर्ट
चंदौली जिले के सैयदराजा विधानसभा के बसगांवा गांव में आठ वर्ष पूर्व लगा राजकीय नलकूप तकनीकी खराबी के कारण बंद पड़ा है। इससे किसानों को सिंचाई की समस्या से जूझना पड़ रहा है। यह स्थिति नलकूप लगने के कुछ माह बाद से ही बनी हुई है। आश्चर्य यह है कि जिस खेत में नलकूप लगा है उसमें भी सूखा पड़ा रहता है।
2010 में राजकीय नलकूप लगाया गया लेकिन विडंबना यह रही कि कुछ माह बाद ही खराब हो गया। तब से अब तक कई बार किसानों की शिकायत के बाद भी इसे नहीं बनवाया जा सका। इस कारण सिंचाई को लेकर किसानों की समस्या जस की तस बनी हुई है।
किसानों का कहना है कि खराब ट्यूबवेल को न बनवाया जाना सिंचाई विभाग की घोर लापरवाही है। एक ओर केंद्र सरकार किसानों की आय दोगुनी करने का दम भर रही है वहीं मूलभूत समस्याओं पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा। ऐसे में सरकार की मंशा पूरी होने में संदेह उत्पन्न हो रहा है। विडंबना यह कि जिस किसान के खेत में नलकूप लगा है, उसी की सिंचाई नहीं हो पा रही है। वर्षों से किसान पानी की बाट जोह रहे हैं।
किसानों ने स्थानीय विधायक सुशील सिंह से भी नलकूप ठीक कराने के लिए पहल करने की मांग की है।