लखनऊ : बीजेपी के खिलाफ यूपी में हुए सपा-बसपा के गठबंधन में अब रालोद भी शामिल हो गया है। सपा-बसपा के साथ रालोद का गठबंधन का आज आधिकारिक एलान हुआ। गठबंधन को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में आज जयंत चौधरी व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव मौजूद रहे।
इस मौके पर रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि मैंने और अखिलेश यादव ने कई मुद्दों पर बात की। हम मिलकर चुनाव लड़ेंगे और प्रदेश की सभी सीटों पर गठबंधन के प्रत्याशी को जिताने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं रालोद कार्यकर्ताओं से उम्मीद करता हूं कि वो गठबंधन के चुने हुए प्रत्याशी को जिताने के लिए जुट जाएं।
वहीं, अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी में भाजपा को हराने के लिए सपा, बसपा व कांग्रेस सहित कई पार्टियां गठबंधन में शामिल हो रही हैं। अखिलेश ने कहा कि देश व संविधान को बचाने के लिए जरूरी है कि सभी पार्टियां एक साथ आएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस पहले से ही हमारे साथ गठबंधन में शामिल है। कांग्रेस केलिए अमेठी व रायबरेली की दो सीटें छोड़ी गई हैं। उन्होंने कहा कि ये पार्टियों का नहीं बल्कि विचारों का गठबंधन है।