लखनऊ : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आज जहाँ पीएम मोदी ने लाल किले पर तिरंगा फहराया। वहीँ सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों द्वारा भी तिरंगा फहराया गया। इसी क्रम में आज सीएम योगी ने विधान भवन के मुख्य द्वार पर झंडा फहराया। इस दौरान उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत ने पूरी मानवता को जीने की प्रेरणा दी है। हमने भारत को राष्ट्र के रूप में प्राचीन काल से माना है। राष्ट्र जमीन का टुकड़ा नहीं होता, इसकी अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान होती है।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अगर इस दिशा में अगुवाई करता है तो हम अन्य राज्यों के लिए उदाहरण बन सकते हैं। यह कार्य व्यक्तिगत नहीं बल्कि सामूहिक प्रयास से होगा। गांधी जी की 150वीं जयंती के कार्यक्रम पर दो वर्ष के लिए वृहद कार्य योजना तैयार की गई है। पूरे उत्तर प्रदेश को हम खुले में शौच से मुक्त करें, इसमें सबकी भूमिका होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि 2022 तक हर नागरिक को छत मुहैया कराने का संकल्प लिया गया है। प्रदेश के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए स्किल डेवलपमेंट के माध्यम से लाभान्वित करने का प्रयास किया जा रहा है। अपने सरकार के कार्यों को बताते हुए उन्होंने कहा कि गरीबी रेखा के नीचे जीवन-यापन करने वालों को आयुष्मान भारत योजना से लाभान्वित करने का अवसर हमें मिला है। प्रथम चरण में 6 करोड़ लोगों को इससे जोड़ा जाएगा।