नई दिल्ली : पुलवामा हमले के खिलाफ किये गए एयर स्ट्राइक के सबूत मांगने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने पुलवामा हमले को दुर्घटना बता कर नया विवाद पैदा कर दिया, जिसके बाद वो लागातार आलोचकों के निशाने पर हैं। दिग्विजय ने ट्वीट कर पुलवामा हमले को दुर्घटना करार दिया है, जिसके बाद केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के विवादित ट्वीट पर पलटवार किया है।
केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के विवादित ट्वीट पर पलटवार करते हुए कहा है कि एक आतंकी हमले को ‘दुर्घटना’ करार देना हमारे देश का राजनीतिक विमर्श नहीं होना चाहिए। दिग्विजय जी क्या आप राजीव गांधी की हत्या को दुर्घटना कहेंगे? इन बेहूदा मजाक से राष्ट्र और हमारे सशस्त्र बलों का मनोबल कमजोर न करें।
बता दें कि मंगलवार सुबह दिग्विजय सिंह ने बालाकोट में हुई भारतीय वायुसेना के हवाई हमले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सवालों की झड़ी लगा दी। सिंह ने एक के बाद एक कई ट्वीट किए। दिग्विजय ने कहा है कि मोदी जी को बालाकोट हमलों के बाद उठ रहे सवालों का जवाब देना चाहिए। सिंह ने लिखा कि भाजपा सेना की सफलता को अपनी सफलता साबित कर चुनावी मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही है। इसके साथ ही दिग्विजय सिंह ने पुलवामा आतंकी हमले को ‘दुर्घटना’ बताया था।