पथरा बाजार में आयोजित समाधान दिवस में पत्नी ने दी थी अर्जी
उमेश चन्द्र मिश्र की रिपोर्ट
सिद्धार्थ नगर जनपद के पथरा बाजार थाना परिसर में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में 5 वर्षों से बिछड़े दंपत्ति के जीवन में आई खटास में मिठास घुल गया। उप जिलाधिकारी प्रबुद्ध सिंह थानाध्यक्ष विजय कुमार दुबे के समझाने बुझाने से दोनों लोगों का पुनर्मिलन हो गया। दोनों ने फिर से जीवन का संधि पत्र लिखा, और हंसी खुशी एक दूसरे का हाथ थाम कर अपने घर चले गए।
डुमरियागंज थाना क्षेत्र के गांव महुआ बुजुर्ग निवासी घमालू की पुत्री निरमा देवी का विवाह पथरा थाना क्षेत्र के ग्राम विलवट निवासी मेहीलाल के पुत्र कुन्नू के साथ संपन्न हुआ था। कुछ दिन साथ रहने के बाद दोनों के रिश्ते में दरारें आ गईं, बात बढ़ते बढ़ते इतनी बढ़ी कि दोनों एक दूसरे से अलग रहने लगे। इस दौरान दोनों को जीवन में आने वाली कई परेशानियों से भी गुजरना पड़ा। थाने में आयोजित समाधान दिवस में पत्नी ने उक्त मामले में प्रार्थना पत्र देकर अपनी समस्या उप जिलाधिकारी से बयां की। पति भी वहां प्रस्तुत हुए, काफी मानमनौव्वल के उपरांत एसडीएम प्रबुद्ध सिंह व थाना अध्यक्ष विजय कुमार दुबे दोनों के बीच आई खटास में मिठास घोलने में कामयाब हो गये। दोनों ने थाने में ही फिर से एक दूसरे के साथ जीने मरने की कसमें खाई, इकरारनामा भी लिखा, और एक दूसरे का हाथ पकड़ कर हंसी खुशी अपने घर को प्रस्थान कर गए। मौके पर उपस्थित पुलिसकर्मी एसआई जमालुद्दीन खान, वकील यादव, मुख्य आरक्षी उमेश कुमार मिश्रा, अनिल कुमार सिंह, हेड मोहर्रिर सुभाष चंद चौहान, महिला आरक्षी साधना राव सहित अनेकों राजस्व कर्मी व गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।