भागलपुर : एक युवक को अपने प्रेमिका के साथ शादी रचाने की जो कीमत चुकानी पड़ी, उसे सुनकर ही आपका कलेजा सिहर जाएगा। आप ये सोचने पर मजबूर हो जाएंगे कि आखिर कोई इतनी दरिंदगी करने पर कैसे उतारू हो सकता है। लव मैरिज करने वाले लड़के को पहले तो भरी पंचायत में बुरी तरह पीटा गया, जिससे उसकी हड्डियां टूट गयी। लेकिन इतने से ही दरिंदों का मन नहीं भरा, उन्होंने युवक को एक के बाद एक 6 गोलियां मार दी, जिससे युवक की मौके पर हीं तड़प-तड़प कर मौत हो गयी। घटना बिहार कर जनपद भागलपुर की है।
दरअसल भागलपुर के गौराचौकी गांव में हिमांशु नाम का युवक सोनी नाम की लड़की को ट्यूशन पढ़ाने जाता था। लड़की रिश्ते में लड़के की बुआ लगती थी। इसी दौरान दोनों एक दूसरे की ओर आकर्षित होने लगें. बीते साल दोनों ने परिवार वालों की मर्ज़ी के खिलाफ भाग कर शादी रचा ली। बाद में लड़की ने कोर्ट में आकर बयान दिया, जिसके बाद वो गाँव में ही रहने लगे।
सोनी अपने ससुराल में ससुराल वालों की मर्ज़ी से रहने लगी, लेकिन सोनी के परिवार को अब भी ये रिश्ता मंजूर नहीं था, और हिमांशु लगातार उनकी नज़रों में खटक रहा था। इसी बात को लेकर गांव में एक पंचायत बुलाई गई, जिसमें गांव के कई लोगोंने सोनी के परिजनों का समर्थन करते हुए यहां तक कह दिया कि हिमांशु को उनके किये की सज़ा मौत के रूप में मिलनी चाहिए, जिससे समाज में खौफ बना रहे और कोई भी लड़का बहन-बेटियों को भगाने के जुर्रत न कर सके। बस फिर क्या था, इतना सुनते ही सोनी के परिजनों ने हिमांशु को उठा लिया ।
पहले तो उन्होंने उनकी बेरहमी से पिटाई की और फिर भी मन नही भरा तो उसे एक के बाद एक 6 गोलियां मार दी। इस घटना के बाद से सोनी भी लापता है। हिमांशु के परिजन सोनी के साथ भी अनहोनी की आशंका व्यक्त कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।